B4

इस वर्ष मई महीना छॉलीवुड के लिए काफी अच्छा रहा है। इस महीने रिलीज हुई दो फिल्में सुपरहिट रही है। आपको बता दें कि मई 2022 में 13 तारीख को जाने-माने डायरेक्टर सतीश जैन की चल हट कोनो देख लिही रिलीज हुई। वहीं 27 तारीख को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म भूलन द मेज प्रदर्शित हुई। भूलन द मेज के निर्माता और निर्देशक मनोज वर्मा हैं। ये दोनों ही फिल्में थियेटरों तक दर्शकों को खींचने में कामयाब रही हैं।

भूलन- द मेज

मनोज वर्मा की राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त यह एक ऐसी ही फिल्म है, जो कई सालों तक दर्शकों के दिलो-दिमाग में छाई रहेगी। फिल्म में मनोज वर्मा जी ने डायरेक्शन का जो हुनर दिखाया है, वह काफी चमत्कारिक है। परदे पर हर किरदार आपको जीवंत लगेगा। रियलिस्टिक टच देती यह फिल्म नि:संदेह सभी को पसंद आएगी।  आपको बता दें कि इस फिल्म को 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में रीजनल सिनेमा कैटेगिरी में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला है।

इस फिल्म की कहानी लीक से एकदम हटकर है। भूलन कांदा के जरिए यह संदेश दिया गया है कि हमारी न्याय व्यवस्था का पांव भी भूलन कांदा पर पड़ गया है और उसे छूकर जगाने की सख्त जरूरत है। छत्तीसगढ़ में पाए जाने वाले भूलन कांदा पर बनी इस फिल्म का स्क्रीन प्ले बिल्कुल सधा हुआ है। भूलन कांदा के बारे में जिस अंदाज और स्टेप-बाय-स्टेप फिल्मांकन करते हुए न्याय व्यवस्था तक पहुंचाया गया है, यह वाकई तारीफ करने लायक है।

चल हट कोनो देख लिही

चल हट कोनो देख लिही की कहानी शुद्ध पारिवारिक है। एक ऑटो चलाने वाले को एक मंत्री की अहंकार से चूर बेटी से प्यार हो जाता है। जाहिर है ये रिश्ता मंत्रीजी को तो पसंद नहीं आएगा, बस फिल्म की कहानी यहीं से शुरू होती है। फिर कुछ उतार-चढ़ाव और अपने प्यार को पाने की हीरो की जिद और हीराईन का अंहकार चूर करने की चाहत के बीच तेजी से फिल्म आगे बढ़ती है। और आखिरकार हर फिल्मों की भांति इस फिल्म का भी हैप्पी इंडिग होता है। चल हट कोनो देख लिही के संगीत पक्ष की बात करें तो संगीत पक्ष आपको अत्यंत मधुर और कर्णप्रिय लगेगा।

पूरी फिल्म के दौरान कहीं भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि कानों में कुछ जोर पड़ रहा है। हर एंट्री और हर सीन के बीच बैकग्राउंड में जो संगीत है वो बहुत ही अच्छा है। फिल्म में ऑटो चालक का रोल अदा करने वाले दिलेश ने एक्शन वाले सीन से अपनी पहले की पहचान लौटाई है। जी हां, आपने पहले दिलेश को लव दीवाना में दमदार एक्शन करते देखा था। फिर मोर जोड़ीदार-2 में वे रोमांटिक मूड में नजर आए। लेकिन इस फिल्म में आपको दिलेश की दोनों ही तरह का रोल देखने को मिलेगा। फिल्म में शारदा देवी का रोल दमदार है। वे हीरो की मां बनी हैं। शारदा देवी का रोल अंजली सिंह ने निभाया है। और जिस दमदारी से उन्होंने अपनी अदाकारी दिखाई है, वो वाकई तारीफ के काबिल है। फिल्म में नारी शक्ति का पर्याय बनी शारदा देवी के हर डॉयलॉग पर दर्शक ताली बजाने को मजबूर हुए।

चल हट कोनो देख लिही